
नवादा (पंकज कुमार सिन्हा): कांग्रेस, राजद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं अन्य वामदलों द्वारा महंगाई के खिलाफ आज किए गए भारत बंद का नवादा में भी असर देखा गया. सामान्य दिनों की तरह दुकानें नहीं खुली. सड़कों पर वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ. रेल सेवा भी ठप रही. और सबसे बड़ी बात कि देश में नित्य प्रतिदिन बढ़ते पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंप भी बंद दिखे. सुबह से ही कांग्रेस, राजद, सपा, राकांपा तथा माकपा के कार्यकर्ता शहर में घूम-घूमकर बंद कराते देखे गए.
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष आभा देवी के साथ-साथ नगर अध्यक्ष नदीम हयात, सुमन सिंह, रोहित सिन्हा, आनंद कश्यप, एजाज अली, उपेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता शहर में भ्रमण करते हुए दुकानें बंद कराते देखे गए.
लोगों से महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की. राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव के नेतृत्व में जिला पार्षद अशोक यादव, अनिल मेहता, प्रिंस तमन्ना, मथुरा यादव, ब्रजेंद्र कुशवाहा, कुंदन राय, आनंदी यादव सहित अनेक लोगों ने इस बंदी को सफल बनाने के लिए सड़कों पर मार्च किया तथा लोगों से महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करने और नरेंद्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की. जगह जगह पर अवरोधक लगाकर सड़क मार्ग को बाधित किया गया.
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सुबह से ही बंद कराते देखे गए. नवादा से गुजरे राष्ट्रीय उच्च पथ 31 पर भी वाहनों का परिचालन ठप रहा. पेट्रोल और डीजल पंप बंद रहने से यात्रियों खासकर दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. पेट्रोल नहीं मिल पाने के कारण दो पहिया वाहन चालक अपने गंतव्य स्थल तक नहीं पहुंच पाए. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव संजय पासवान उर्फ डीसी तथा माकपा के उमेश कुमार के नेतृत्व में भी कार्यकर्ता बंद कराते देखे गए.
दोपहर 2 बजे तक नवादा जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय के बाजार भी बंद पाए गए. राजद के बंदी का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस के इस अभियान को काफी सफलता मिली है. इस संबंध में नवादा पहुंचे गिरिराज सिंह ने इस बंदी को राजनीतिक फायदे बतलाए हैं. नवादा परिसदन में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह विपक्षी दलों की एक सोची समझी साजिश है. जनता को भ्रमित कर लोकसभा चुनाव का फायदा उठाना चाहती है. लेकिन देश की जनता इसे करारा जवाब देगी. जनता ऐसे झांसे में नहीं आने वाली.
Be the first to comment